शहर में भाजपा नेता प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव के घर मिला बम।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। नगर के सिविल लाइन इलाके में बुधवार को वाणिज्य कर कार्यालय के पास स्थित भाजपा नेता व व्यापारी प्रेमप्रकाश श्रीवास्तव के आवास पर टाइम बम मिलने की सूचना से जिले में हड़कंप मच गया। करीब पांच घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। देर शाम पहुंचे बम निरोधक दस्ते की छानबीन में वस्तु प्लास्टिक के पाइप निकली, जिसे टेप से जोड़कर बम का रूप दिया गया था। डराने के लिए कुछ तार और एक घड़ी भी उसके साथ जोड़ दी गई थी। पुलिस ने मौके से एक धमकी भरा पत्र भी बरामद किया है। इसमें भाजपा नेता से 24 लाख रुपये की डिमांड की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शरारत करने वाले की तलाश जारी है।
बर्डपुर स्थित सिद्धार्थ गैस एजेंसी के संचालक व सिद्धार्थ महाविद्यालय के प्रबंधक प्रेमप्रकाश श्रीवास्तव नगर के सिविल लाइंस मोहल्ले में रहते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2 बजे उनकी पत्नी अरुणिमा श्रीवास्तव घर के बाहर लॉन से कपड़े समेट रही थीं। तभी उनकी नजर गमछे में लिपटी पड़ी एक अजीब सी चीज पर पड़ी। गमछे से एक पतला तार बाहर निकला हुआ था। बम के संदेह में उन्होंने तत्काल सूचना पति प्रेमप्रकाश को दी। मामले की जानकारी 100 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सदर थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने ऐहतियातन गमछे समेत उस अज्ञात वस्तु को तत्काल सामने के एक खाली प्लॉट में फेंका। गमछा हटाया गया, तो लाल रंग के टेप से बंधे चार पतले पाइप के टुकड़ों के साथ घड़ी, लाल रंग का छोटा बल्ब और कई तार लिपटे हुए दिखे।
गमछे से मिले पत्र में एक अन्य बम घर के अंदर होने का उल्लेख था। पत्र में हिदायत दी गई थी कि पूरे घर मेें सीसी कैमरे लगाए गए हैं। वहां होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अगर बम को तय टाइमिंग सुबह 6.25 बजे से पहले निष्क्रिय करने का प्रयास किया गया तो रिमोट से विस्फोट कर दिया जाएगा। पत्र में भाजपा नेता से 24 लाख रुपये की डिमांड की गई है, यह पैसा बैग में भरकर रात में घर के सामने रखने को कहा गया है। देर शाम पहुंचे एसएसबी के डॉग स्क्वाड ने घर के अंदर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
रात करीब साढ़े 7 बजे गोरखपुर से आए बम निरोधक दस्ते ने छानबीन की तो लॉन में मिली बम जैसी वस्तु प्लास्टिक के चार छोटे पाइप का बंडल निकली। इस संबंध में एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि टाइम बम की बात फर्जी होने के बावजूद मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच कराई जा रही है। मामले की तह तक पहुंच कर शरारत करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।