रमजान में बढ़ी रंग बिरंगी टोपियों की मांग
- लोगों को भा रही कॉटन और वेलवेट की टोपियां
- बुर्का और इत्र की भी मांग बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। ईद को लेकर लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। खरीदारी में तेजी आने से बाजारों में रौनक भी बढ़ गई है।
भारतीय स्टेट बैंक के पास दुकानें पूरी तरह से सजकर तैयार हैं। बाजार में टोपी, बुर्का, कुर्ता, इत्र की मांग में बढ़ोतरी हुई है। बाजार में टोपियों की ढेर सारी वैरायटी मिल रही हैं। लोगों को रंग बिरंगी कॉटन और वेलवेट की टोपियां काफी पसंद आ रही हैं। वहीं, बुर्का और इत्र की भी अलग-अलग प्रकार की दुकानों पर उपलब्ध है।
---
देशी के साथ विदेशी टोपी हिट
ईद को लेकर बाजारों में तरह-तरह की टोपियों से दुकानें सजी हुई हैं। धागे और कपड़े से बनी टोपियों के अलावा इन दिनों किरोसियों की डिजाइन की गई टोपियां खूब बिक रही हैं। दुकानदार बरकाती ने बताया कि बाजार में भारत के साथ बांग्लादेश व मलयेशिया में बनी टोपी बिक रही है। बाजारों में हर रेंज की टोपी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 10 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है।
---
महिलाओं को लुभा रहा डिजाइनर बुर्का
महिलाओं के लिए कढ़ाईदार से लेकर डिजाइनर बुर्के बिक रहे हैं। महिलाएं डिजाइनर बुर्के ज्यादा पसंद कर रही हैं। इसके अलावा जालीदार हिजाब भी महिलाओं को पसंद आ रहा है। दुकानदार प्रेम प्रकाश बंटू का कहना है कि दुकान पर 450 रुपये से लेकर 3,500 रुपये तक के बुर्कें उपलब्ध है। इसी तरह 150 से 250 रुपये की रेंज में हिजाब मिल रहे हैं।
---
डिजाइनर कुर्ता पायजामा युवाओं की पहली पसंद
ईद में युवाओं को डिजाइनर कुर्ता व पैजामा खूब पसंद आता है। दुकानों पर कई तरह के कुर्तों की बिक्री हो रही है। एक दुकानदार ने बताया कि बाजार में ईद को लेकर युवाओं के लिए डिजाइनर शर्ट भी आई हैं। छोटे बच्चों के लिए कुर्ते की कई वैरायटी मौजूद है। कपड़ों से लेकर जूता, चप्पल की दुकानों में खूब भीड़ उमड़ रही है।
---
ईद पर बढ़ी इत्र की मांग
ईद की नमाज में इत्र लगाकर पढ़ना अच्छा माना जाता है। ईद के मौके पर शहर के मुख्य बाजारों में इत्र की गई वैरायटी मिल रही हैं। नगर स्थित इत्र की दुकानों पर इनकी खरीदारी के लिए काफी भीड़ देखने को मिल रही है। इत्र कारोबारी निजामी इस बार रूह ए गुलाब, इत्र गुलाब के साथ चंपा, गिल, हीना, केवड़ा, कदंबा, शमामा, हरसिंगार, गुलहिना, चंदन, बेला, चमेली, लीची, ऑरेंज, स्ट्रॉबेरी के फ्लेवर में उपलब्ध हैं। इत्र की कीमत 20 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक हैं।