जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दौड़ में शामिल खिलाड़ी। स्रोत विज्ञप्ति
- फोटो : सीएचसी एलिया के अंदर जन औषधि केंद्र में बिक रहीं ब्रांडेड दवाओं को देखते सीएमओ।
सिद्धार्थनगर। जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्धार्थनगर और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और एथलेटिक्स, कुश्ती तथा बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स जूनियर वर्ग में 112, कुश्ती में 120 तथा बैडमिंटन में 96 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एथलेटिक्स बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में राजन यादव ने प्रथम, अनुज प्रजापति ने द्वितीय और विष्णु शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में वंदना मौर्या ने पहला, करिश्मा मोदनवाल ने दूसरा तथा सुनैना ने तीसरा स्थान हासिल किया। कुश्ती प्रतियोगिता के बालक वर्ग के 57 किग्रा भार वर्ग में शुभम यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संजय पाल दूसरे और दिव्यांश तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग के 57 किग्रा भार वर्ग में अंशिका ने पहला, राधिका ने दूसरा और आस्था ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बैडमिंटन बालिका एकल वर्ग में शिवांगी ने प्रथम, मान्या ने द्वितीय तथा मान्ती और साक्षी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका युगल वर्ग में प्रियांश और मान्या की जोड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवानी और शिवानी सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। उजाला-निर्मला तथा संध्या-करिश्मा की जोड़ियों को तीसरा स्थान मिला। बालक एकल वर्ग में वैभव ने प्रथम, अरहान ने द्वितीय तथा कुवर और प्रतीक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युगल वर्ग में वैभव और अक्षांश की जोड़ी विजेता रही, जबकि अरहान और कुवर दूसरे तथा हटकेश्वर और प्रतीक तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और आयोजकों ने विजेता खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि प्रिंस शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद किया। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला और पूरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला हुआ। कार्यक्रम के दौरान क्रीड़ा भारती गोरक्षप्रांत के अध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति, जिला ओलंपिक संघ सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सोनू गुप्ता, अमरेंद्र पाल, देवेंद्र कुमार पांडेय सहित स्टेडियम के प्रशिक्षक और स्टाफ मौजूद रहे।