शोहरतगढ़। वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम शोहरतगढ़ के मैदान में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के अंतिम दिन मंगलवार को चंडीगढ़ के श्यामू पहलवान और हरिद्वार के राजा पहलवान के बीच महा मुकाबला हुआ। राजा ने श्यामू को कलाजंग दांव मारकर चित कर दिया। जो बहुत ही रोमांचक मुकाबला रहा। इसके अलावा कई जोड़ी कुश्ती हुई।
कुश्ती के आयोजक सूर्य प्रकाश पांडेय और सोनीपत के पहलवान अंकित के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले को देखकर आए हुए दर्शक रोमांचित हो उठे। दोनों के बीच साड़ी तोड़न पेच कभी बगलडूब पेच दोनों पहलवान ने दाव-पैतरे की अजमाइश की। कुश्ती के लिए दिए गए अतिरिक्त समय में सूर्य प्रकाश पांडेय पहलवान ने धोबी पछाड़ पर कर अंकित को चित कर दिया। कुश्ती प्रतियोगिता में गोरखपुर के पहलवान गोविंद ने पंजाब के मान सिंह को पराजित किया। इसी तरह पंजाब के विक्की पहलवान और आगरा के सूरज पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में विक्की ने सूरज को धोबी पछाड़ दाव मारकर पराजित किया।
कार्यक्रम के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या रहे। इन्होंने दूसरे दिन का कुश्ती का शुभारंभ किया। कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन परंपरा और अनुशासन का प्रतीक है। आज के युवा पहलवानों को देखकर लगता है कि भारत का भविष्य ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और भी उज्ज्वल है। डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि सरकार और खेल संघों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं वाली खेल अकादमियां खोलने की भी अपील की ताकि मिट्टी से निकलकर पहलवान मैट पर भी अपना दम दिखा सकें।
इस दौरान डीएम शिवशरणप्पा जीएन, योगेंद्र प्रताप सिंह, संतोष पासवान, पंकज चौबे, रवि अग्रवाल, रमेश त्रिपाठी, शिवाकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।