- सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
खुनुवां। सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर रैली और गोष्ठी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसमें नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया। रैली में पुलिस, स्वंयसेवी संगठन, संभ्रांत वर्ग के लोग, व्यापारी संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सात दिसंबर 1987 को पारित एक प्रस्ताव के तहत प्रत्येक वर्ष 26 जून को यह दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग से मुक्त समाज के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना और सरकारों, संस्थाओं और नागरिकों को संयुक्त रूप से इस चुनौती का सामना करने के लिए प्रेरित करना है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले कुछ दशकों में दुनिया भर में नशीली दवाओं के उपयोग और बाजार में उपलब्ध मादक पदार्थों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। कोकीन का उत्पादन, जब्ती और सेवन बढ़ा है जबकि कम लागत में तैयार होने वाली सिंथेटिक नशीली दवाओं का अवैध व्यापार भी तेजी से फैल रहा है। इन दवाओं का पता लगाना अपेक्षाकृत कठिन होने के कारण यह वैश्विक स्तर पर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इस अवसर पर लोगों से नशीली दवाओं से दूर रहने, युवाओं को जागरूक करने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।