सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन, चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, नए कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं कठेला समय माता थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का काउंसिलिंग के माध्यम से समाधान कर दंपती को साथ भेजा गया।
कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम धोबहा टोला पठानडीह निवासी प्रीति और उनके पति के बीच पारिवारिक विवाद की शिकायत मिलने पर मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की। पुलिस ने उन्हें वैवाहिक जीवन, बच्चों के प्रति जिम्मेदारी और आपसी संवाद का महत्व समझाया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी राजी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए और उन्हें घर भेज दिया गया।
उधर थाना मोहाना की टीम ने ग्राम घोषवा में महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें 112, 1090, 181, 1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
थाना शोहरतगढ़ की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम इटवाभाट में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नए कानूनों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। साथ ही ऑपरेशन मजनू के तहत सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के ग्राम गौरगढ़ में बहू-बेटी सम्मेलन एवं साइबर जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। ऑपरेशन मजनू के तहत पांच मनचलों से माफीनामा भरवाया गया तथा एक वाहन का चालान भी किया गया।
थाना खेसरहा की टीम ने ग्राम कठमोरवा में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नए कानूनों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
इसी क्रम में थाना इटवा की टीम ने ग्राम सेमरा में महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी तथा ऑपरेशन मजनू के तहत चेकिंग अभियान चलाया। वहीं, थाना त्रिलोकपुर की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम बनकसिया में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को महिला अपराध, साइबर सुरक्षा, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, महिला सम्मान कोष सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।