अब बारिश के साथ तेज हवा ने बढ़ाई किसानों की चिंता
डुमरियागंज। चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने अब किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, चल रही तेज हवा के चलते धान की फसलें खेतों में पसर रही है, जिससे किसानों को नुकसान होना तय माना जा रहा है। इधर, मौसम विभाग लखनऊ से लेकर पूरे पूर्वांचल में अलर्ट जारी कर चुका है।
पिछले चार दिनों से बादल छाए हुए हैं और लगातार बारिश हो रही है। हवा के साथ हो रही बारिश से कुछ स्थानों पर किसानों की धान के साथ अन्य फसल गिर भी गई हैं। अब बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान रामकुमार, हरिराम, हरिश्नचंद शुक्ला, राजिंदर, पवन, ह्दयराम, सालिक, पवनसुत मौर्या, गंगा प्रसाद और जोगेंद्र आदि का कहना है कि इस समय धान की फसलें पकने के कगार पर है। ऐसे में बारिश के साथ चल रही हवा से फसलें खेतों में गिर रही हैं। इससे नुकसान हो रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के वैज्ञानिक डॉ. मारकंडेय सिंह का कहना है कि अभी बारिश होने की संभावना बरकरार है। यदि और बारिश होती है तो धान की फसल के लिए नुकसान दायक होगी। हवा के साथ बारिश होने पर दूसरी फसलों को भी नुकसान हो सकता है।