स्टेशन और रैक प्वाइंट बनने से दूर होंगी समस्याएं
बांसी। आदर्श व्यापार मंडल की बैठक बांसी स्थित कैंप कार्यालय में हुई बैठक में स्टेशन और रैंक प्वाइंट बनाने की मंजूरी पर खुशी जाहिर की गई।
अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि खलीलाबाद-बहराइच बीजी रेल खंड पर बांसी नगर के लिए बनने वाले रेलवे स्टेशन को बांसी नगर के नजदीक लगभग एक किलोमीटर पर बनाए जाने तथा रैक प्वाइंट को भी बांसी में मंजूरी दिलाने से विकास का रास्ता साफ होगा।
रैक प्वाइंट बन जाने से क्षेत्र के सैकड़ों मजदूर, जो घर-परिवार छोड़कर दूसरे शहरों को पलायन करते थे, उन्हें यहीं रोजगार मिलेगा। इस कार्य के लिए संगठन सांसद से बराबर संवाद बनाए हुए है। स्टेशन और रैक प्वाइंट मालगोदाम नगर के नजदीक बनने से सभी वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचेगा। साथ ही औद्योगिक विकास व नवीन मंडी स्थल के लिए भी रास्ता साफ होगा।
बैठक में राष्ट्रीय ध्वज को 11 से 15 तक सम्मान के साथ फहराने की अपील की गई। कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस पर प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण होगा। बैठक में महामंत्री डाक्टर अनूप कुमार, कोषाध्यक्ष वेदप्रकाश, वीरेंद्र वर्मा, मेहताब आलम, सत्येंद्र सिंह, नरेंद्र वर्मा, नरेश चंदवानी, प्रमोद कुमार अग्रहरि, सागर अग्रहरि मौजूद रहे।