शोहरतगढ़। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांच निजी अस्पतालों और एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर टीम ने नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ को मिली शिकायत के आधार पर क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने जांच शुरू की। सबसे पहले एपेक्स डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया गया, जहां पंजीकरण जिस चिकित्सक के नाम पर था, वह मौके पर मौजूद नहीं मिला। साथ ही अन्य तकनीकी कमियां भी पाई गईं, जिस पर नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद टीम ने अन्य अस्पतालों का रुख किया। साप्ताहिक बंदी के कारण अशरफ मेमोरियल और अंसारी अस्पताल बंद मिले, जिससे वहां जांच नहीं हो सकी। नवजीवन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित होने की सूचना पर टीम ने तलाशी ली, लेकिन मौके पर कोई मशीन नहीं मिली।
जीपीएम अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां सामने आईं, जिनके लिए संचालक को सुधार के निर्देश दिए गए। जांच टीम में डॉ. मानवेंद्र पाल के साथ पटल सहायक रोहित वर्मा और ऑपरेटर माधव शामिल रहे।