औराताल। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कैथवलिया रेहरा गांव के बीच स्थित मार्ग पर लटके बिजली तार और बीच रास्ते में खड़े पोल से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि यहां कभी भी हादसे का खतरा बढ़ गया है। सबकुछ जानने के बाद भी जिम्मेदार अनजान हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, कैथवलिया से रेहरा जाने वाले मार्ग के बीच में बिजली का खंभा खड़ा है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है। वहीं, दो खंभों के बीच का तार ढीला होकर काफी नीचे लटक गया है, जिसकी ऊंचाई जमीन से बेहद कम रह गई है। हरीश निषाद, तुलसी फौजदार, कमिश्नर लाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि खंभा बीच रास्ते में होने से वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही लटके तार के कारण इस मार्ग से कंबाइन मशीन भी नहीं गुजर पाती, जिससे धान और गेहूं की कटाई के समय दिक्कतें बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से रास्ते से पोल हटाने और लटके तार को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।