‘नवविवाहिता बोली मास्क लगाइए, फिर चलिए’
रूट मार्च के दौरान पुलिस ने नवदंपति को पहनाया मास्क
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। बिना मास्क जा रहे नवदंपति को त्रिलोकपुर थाना प्रभारी रणधीर मिश्रा ने रूट मार्च के दौरान रोका और मास्क देकर उसे पहनने के लिए जागरूक किया। इस पर नवविवाहिता ने पति से कहा कि कोरोना खतरनाक बीमारी है, बचाव ही इसका मुख्य उपाय है। अब मास्क लगा लीजिए तभी आगे चलेेंगे।
नवदंपति ने मास्क लगाया और महामारी समाप्त होने तक हमेशा मास्क लगाए रखने का संकल्प लेते हुए आगे बढ़ गए। एसओ त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्र रविवार को पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त पर थे। इस दौरान एक नवदंपति जो बगैर मास्क पहने जा रहा था। पुलिस को देखकर रुक गया। एसओ ने पूछा तो दंपति ने बताया कि मास्क है ही नहीं । इस पर गश्त टीम में मौजूद महिला आरक्षी दिव्या सिंह ने पति-पत्नी को मास्क दिया। एसओ ने कहा कि कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे में जहां तक हो घर से कम निकले। अगर निकल भी रहे हैं तो मास्क लगाकर ही बाहर निकलें।