प्राथमिक विद्यालय ढेकहरी का निरीक्षण करते सीओ सुनील सिंह।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
क्वारंटीन सेंटर से भागने वालों पर होगी कार्रवाई
क्वारंटीन में रखे गए लोगों के भागने का मामला नहीं थम रहा
एसपी का सख्त निर्देश, भागे तो संबंधित थाना दर्ज करे केस
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। क्वारंटीन किए गए लोगों के भागने के मामलों को पुलिस अधीक्षक विजय ढुल ने गंभीरता से लिया है। ऐसे लोगों केे खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस क्वारंटीन हाउस से भागने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
लॉकडाउन होने के बाद जिले में बड़ी संख्या में लोग महानगरों से लौटे हैं। एक-दूसरे के संपर्क में आकर फैलने वाली कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शासन ने विद्यालय, पंचायत भवन सहित सामुदायिक भवनों को क्वारंटीन सेंटर बनाकर उसी में रखने का निर्देश था। मगर क्वारंटीन में रखे गए लोग इस संक्रामक बीमारी को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्हें न तो अपने जान की परवाह है और न दूसरों के संक्रमित होने का डर है। अक्सर लोगों के क्वारंटीन हाउस से भाग रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय ढुल ने केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। इससे पहले चार दिन पूर्व खेसरहा के एक स्कूल में 31 लोग बिना किसी सूचना के भाग गए थे। उन सभी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब अगर कोई क्वारंटीन हाउस से बिना समय पूरा हुए भागा तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। एसपी विजय ढुल ने बताया कि सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि क्वारंटीन में रखा गया कोई भी व्यक्ति भागता है तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाए।