बर्डपुर क्षेत्र में किसान खेत में ही बेच रहे धान।
- फोटो : अमर उजाला
बर्डपुर। धान खरीद शुरू होने के 24 दिनों बाद भी सरकारी क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सुस्त खरीद के लिए केंद्र प्रभारियों की दलील है कि किसान ही नहीं आ रहे। इससे इतर गल्ला व्यापारियों के पास किसानों की भीड़ लग रही है, जहां औने-पौने दामों पर धान खरीदा जा रहा है। किसानों का कहना है कि क्रय केंद्र सुचारू चल ही नहीं रहे तो धान कहां बेचें। रबी फसल की बुवाई के लिए धन की जरूरत बिना धान बेचे कैसे पूरी होगी।
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के मकसद से सरकार ने एक नवंबर से ही क्रय केंद्रों का संचालन आरंभ करा दिया था। बोरा, पैसा, तौल मशीन, झरना सहित अन्य इंतजाम कराए। बिक्री से पहले पंजीयन की व्यवस्था को लागू किया, जिससे किसानों को बार-बार क्रय केंद्र के चक्कर न लगाने पड़े। बिचौलियों पर अंकुश के लिए सीधे खाते में भुगतान दिया जा रहा है। बता दें कि गत वर्षों में ब्लाक क्षेत्र में तीन से चार क्रय केंद्र स्थापित होते थे, जबकि इस बार अब तक किसी केंद्र का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। गेहूं की बोवाई के लिए परेशान किसानों को धन की जरूरत है। क्रय केंद्र न खुलने से उन्हें बाजार में जाने को विवश होना पड़ रहा है।
बर्डपुर नंबर 8 बसालतपुर के निवासी जावेद आलम उर्फ चुन्ने का कहना है सरकारी क्रय केंद्र पर धान निर्धारित मूल्य पर बिक जाता था, लेकिन इस बार एक भी क्रय केंद्र संचालित ही नहीं है, इससे काफी दुश्वारी हो रही है। शुक्रवार को मजबूरन करीब चार सौ कुंतल धान एक हजार रुपये की दर से बाजार में बेचना पड़ा। तीन दिसंबर को बहन की शादी है, अगर धान नहीं बेचता तो परेशानी बढ़ जाती। ग्राम पंचायत परसा के टोला बहादुरपुर निवासी ध्रुवराज चौधरी का कहना है कि बाजार में सरकारी दर से तीन से चार सौ तक के कम रेट पर धान बेचना पड़ रहा है।
मजिगवा निवासी नरेंद्र मिश्र का कहना है कि धान क्रय केंद्र न होने से चावल कुटवाना पड़ा है, बिचौलिए काफी कम दाम दे रहे हैं। ग्राम पंचायत भरवलिया के टोला भोटोली निवासी केशरी पांडेय का कहना है कि धान हो या गेहूं हर बार यही समस्या होती है। समय से अनाज न बिकने से खेती प्रभावित हो रही है। धान क्रय केंद्रों की व्यवस्था के बाबत बीडीओ विजय कुमार पांडेय का कहना है कि कई दिन धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया, लेकिन कहीं पर तौल होते नहीं पाया गया। इस बारे में डीएम को पत्र लिखकर करा दिया गया है। उनके निर्देशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।