सिद्धार्थनगर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद न्यायालय परिसर से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को लोक अदालत के बारे में जागरूक करेगा।
बताया गया कि नौ मई को सुबह 10 बजे से दीवानी न्यायालय सिद्धार्थनगर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय बांसी, डुमरियागंज, ग्राम न्यायालय इटवा, कलक्ट्रेट परिसर, सहायक श्रमायुक्त न्यायालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इसमें दीवानी, मोटर दुर्घटना, वैवाहिक, पारिवारिक, राजस्व, चकबंदी, सेवा विवाद, उपभोक्ता, आयकर, बैंक ऋण, चेक बाउंस समेत विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। संवाद