दुकानें हटाने के विरोध में प्रदर्शन करते सहियापुर मंडी के फल व सब्जी विक्रेता।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। सहियापुर मंडी परिसर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को दुकानें बंद कर विरोध दर्ज कराया। मंडी समिति के विरोध में प्रदर्शन किया। कहा कि अगर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र रूप देंगे।
प्रत्येक दिनों की भांति शुक्रवार को भी सहियापुर मंडी समिति में सब्जी व फल के व्यापारी पहुंचे। दुकान खोलने के बजाए एकत्र होकर प्रशासन के विरोध में नारेबाजी पर उतर आए। आरोप लगाया कि मंडी समिति परिसर में केवल 20 पक्की दुकानें हैं, जबकि 80 से अधिक लाइसेंसी दुकानदार हैं। ऐसे में आपसी समझौते के आधार पर किसान चबूतरे (यार्ड) में तिरपाल व टीनशेड लगा कर दुकान स्थापित किया है, मगर अतिक्रमण के नाम पर दुकानें हटाने का प्रयास हो रहा है। अध्यक्ष सब्जी-फल मंडी यूनियन संघ रमजान अली व मुकेश ने कहा कि पक्की दुकानें न होने से वे लोग अपनी दुकानें यार्ड के ऊपर लगाते हैं। दुकानों से परिसर में कोई अतिक्रमण नहीं हो रहा है। सभी रास्ते खाली रहते हैं। दुकानदार मंडी व लाइसेंस शुल्क भी समय से जमा कर रह है। अगर मंडी समिति विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दुकानें हटाई गई तो दुकानें बंद कर विरोध किया जाएगा। जो अनिश्चितकालीन होगा।
इस दौरान परमजीत, मोहम्मद इरशाद, अब्दुल सुहान, इम्तियाज मुल हक, दिवाकर, मुकेश, राजू, कमलेश, बैठौले, डबलू जायसवाल, रशीद, अली अहमद, मैराज, अमित, अतहर, अजय आदि मौजूद रहे। इस संबंध में सचिव सहियापुर मंडी श्रीनिवास सिंह ने कहा कि 5 जनवरी तक व्यापारियों से उनके जगह पर तिरपाल लगा कर दुकानें लगाने के लिए कहा गया है। उच्चाधिकारियों के समक्ष मंडी के लाइसेंसी व्यापारियों की समस्याओं को रखा जाएगा। दिशानिर्देश मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।