सिद्धार्थनगर। जवाहर लाल नेहरू स्मारक इंटर कालेज नौगढ़ प्रवक्ता भूगोल पद पर की गई पदोन्नति का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विधान परिषद सदस्य व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेत नारायण सिंह ने पदोन्नति पर सवाल उठाते हुए, उसकी शिकायत संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती मंडल से की है।
शिकायती पत्र में उन्होंने कहा कि वरिष्ठता सूची का उल्लंघन करते हुए सहायक अध्यापक चंद्रभान को नियमों को दरकिनार कर प्रवक्ता पद पर पदोन्नति दी गई है। उन्होंने सहायक अध्यापक शंभूनाथ गुप्ता के आवेदन पत्र को संलग्नकों सहित प्रेषित करते हुए कहा कि कनिष्ठ व्यक्ति जो प्रवक्ता भूगोल के रिक्त पद की तिथि के समय किसी विद्यालय में कार्यरत नहीं था, तो वह रिक्त पद के लिए कैसे अर्ह हो जाएगा।
चंद्रभान की पहली नियुक्ति 15 दिसंबर वर्ष 2002 में लोकमान्य इंटर कालेज पचपेड़वा बलरामपुर में हुई। इस विद्यालय में उन्होंने कार्यभार 31 जनवरी वर्ष 2009 को किया, जबकि पद रिक्त होने की तिथि 30 जून वर्ष 2002 है। तथ्यों के आधार पर चंद्रभान के पदोन्नति की पत्रावली तत्कालीन संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती ने इससे पहले वापस कर दिया था। लेकिन मई वर्ष 2016 में उनकी पदोन्नति को मान्य कर दिया गया। उन्होंने नियमों के खिलाफ हुई नियुक्ति को रद्द कर योग्य व्याक्ति की प्रवक्ता पद पर तैनाती की मांग की है।