टीम के समझाने पर टीका लगाने को राजी हुए लोग
शोहरतगढ़ क्षेत्र के महदेवा नानकार गांव में भ्रमित थे ग्रामीण
स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के सहयोग के कम्युनिटी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य विभाग व यूनिसेफ के सहयोग से शोहरतगढ़ क्षेत्र के महदेवा नानकार गांव में गुरुवार को कम्युनिटी बैठक आयोजित हुई। इस दौरान कोविड-19 टीके के प्रति ग्रामीणों में मन में चल रहीं कई भ्रांतियों को दूर किया गया। ग्रामीणों को टीके की विशेषता व उपयोगिता समझा कर टीके के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद कई ग्रामीणों ने तत्काल सत्र स्थल पहुंच कर टीका लगवाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ अंतर्गत महदेवा नानकार गांव में कोविड टीकाकरण लक्ष्य से कम है। ग्रामीणों में टीके के प्रति तरह-तरह की भ्रांतियां थीं। इस भ्रांति को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग व यूनिसेफ ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। यूनीसेफ के डीएमसी अमित शर्मा ने बताया कि कोविड-19 वायरस से बचने के लिए टीका जरूरी है। इस टीके को इम्युनिटी बुस्टर भी कहते हैं। यह शरीर में रोग से लड़ने के लिए प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि उन्हें पांच माह पूर्व टीका लगा है, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में कोविड की गंभीरता और टीके की विशेषता को समझने की जरूरत है। बीपीएम सतीश कुमार, बीसीपीएम सुरेंद्र पाल, बीएमसी अशोक विश्वकर्मा, एनएमए गंगाधर दूबे, कोटेदार प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।