आजमगढ़ में जिला योजना समिति की बैठक
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर गुरुवार को अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भारत सरकार की ओर से चलाई गई प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय ने कहा कि उप कृषि निदेशक को इस योजना का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नोडल अधिकारी ने विकास खंडवार व विभागवार तैयार की गई प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की कार्य योजना डीएम व सीडीओ को दिखाई। सीडीओ ने बताया कि कपिलवस्तु पिपरहवा के पूरब स्थित मझौली सागर, पश्चिम में स्थित बजहा सागर के सौंदर्यीकरण के लिए इस कार्य योजना में ड्रेनेज विभाग को सम्मिलित किया जाए।
डीएम ने सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड को दोनों सागरों के सौंदर्यीकरण, गहरा कर जल संचयन के लिए सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना तैयार कर 24 को कृषि विभाग में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के नोडल अधिकारी के पास जमा कर दें।
जिससे 27 तक शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके। इस दौरान सीडीओ अखिलेश तिवारी, परियोजना निदेशक प्रदीप पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ.राजीव झा, जिला कृषि अधिकारी डॉ.एसएन चौधरी, सुरेश सिंह, पवन कुमार यादव आदि मौजूद रहे।