सिद्धार्थनगर। शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को प्रस्तावित धरने को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक में रणनीति बनाई गई।
जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बीएसए कार्यालय परिसर में दोपहर एक से चार बजे तक धरना दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, पूर्व से चयनित शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कराने के संबंध में विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजना और शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश पर रोक लगाना शामिल है।
इसके अलावा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति, वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में 50 प्रतिशत न्यूनतम उत्तीर्णांक की अनिवार्यता समाप्त करने, शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण तथा 12 वर्ष की सेवा पूरी करने पर प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग भी उठाई जाएगी।