बारिश के कारण दो सप्ताह में दामों में आया उछाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। दो सप्ताह में सब्जियों के दामों में ढाई गुना तक उछाल आ गया है। इससे लोगों का रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। सब्जियों की कीमतें बढ़ने से थाली से हरी सब्जियां गायब होने लगी हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश व बाढ़ के कारण दामों में बढ़ोतरी हुई है।
रोजाना खाने में उपयोग होने वाले टमाटर और आलू के दाम दोगुना हो गए हैं। यही नहीं, तोरई, प्याज, बैंगन, शिमला मिर्च और फूल गोभी के दाम भी दो गुना से ज्यादा बढ़ गए हैं। शिमला मिर्च दो सप्ताह में 60 रुपये से बढ़कर 160 पहुंच गई है। वहीं, फूलगोभी 60 रुपये से 150, भिंडी 40 से 80 रुपये प्रतिकिलो हो गई है। बाजार में बढ़े सब्जियों के दाम से लोगों के किचन का बजट बिगड़ गया है। अब लोग सीमित मात्रा में ही खरीददारी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि टमाटर की खरीददारी आधी कर दी है।
सिविल लाइन की संजू ने बताया कि सब्जी की खरीददारी करने से पहले सोचना पड़ रहा है। नवीन मंडी में सब्जी विक्रेता सूरज ने बताया कि बरसात व बाढ़ होने से सब्जियों के दाम में काफी उछाल आई है। इससे सब्जी मंहगी दाम में बेचना पड़ रहा है।
-
आलू व टमाटर का दाम दोगुना होने से बजट बिगड़ गया है। इसका असर अधिक होने से जरूरत के अनुसार ही सब्जी खरीदी जा रही है।
-विभा शुक्ला, गृहिणी
-
अचानक से सब्जियों के दाम में काफी उछाल आई है। इससे हरी सब्जियां किचन से पूरी तरह गायब हो गई है। आलू भी दो सप्ताह में दो गुना हो गया है।
-किरन शुक्ला, गृहिणी
सब्जी दो सप्ताह पहले अब
टमाटर 60 120
फूलगोभी 60 150
शिमला मिर्च 60 160
करेला 40 80
हरी मिर्च 60 130
प्याज 20 50
आलू 30 45
बैंगन 30 70
-
नोट सब्जियों का दाम प्रति किलो है।