होम डिलीवरी के बजाय करहिया पुल के पास स्थित मैदान में वितरित करते गैस सिलेंडर। संवाद
इटवा। गैस की किल्लत के बीच एजेंसियों की मनमानी से उपभोक्ताओं के सामने संकट और बढ़ जा रहा है। कई दिनों से एजेंसी पर चक्कर लगाने को मजबूर हैं। अगर मिल भी रहा है तो कीमत होम डिलीवरी की ले रहे हैं और एजेंसी से पांच किलोमीटर दूर ले जाकर सिलिंडर वितरित कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय कस्बे की यह गैस एजेंसी रोजाना इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर खेत में सुबह सिलिंडर लेकर पहुंची ट्रकों से छोटी गाड़ियों पर अनलोडिंग कराती है। इसके बाद यह छोटी गाड़ियां सिलिंडर लेकर करहिया पुल के पास स्थित मैदान में पहुंचकर वितरण शुरू करते हैं।
स्थानीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से आए उपभोक्ता पहले कार्यालय के सामने कतार में खड़े रहते हैं उसके बाद वितरण स्थल पर गैस लेते हैं। इटवा कस्बे के निवासी राम तीरथ कहते हैं कि अधिकारी ही होम डिलीवरी कराना नहीं चाहते हैं अन्यथा एजेंसी संचालक होम डिलीवरी नहीं करता।
इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर होम डिलीवारी की कीमत लेने के बाद भी ऐसा नहीं हो रहा है ताे कार्रवाई की जाएगी।