संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। पश्चिम बंगाल की हिंसा के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद ने विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शशांक शेखर राय को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए और एनआईए से जांच कराई जाए। अगर हिंसा रुकी नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विहिप के जिलाध्यक्ष प्रत्यूष अमर ने कहा कि वक्फ कानून के विरोध की आड़ में संपूर्ण बंगाल को जिस प्रकार हिंसा की आग में जलाया जा रहा है। उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। राष्ट्र विरोधी और हिंदू विरोधी तत्वों को निर्बाध रूप से अपने षडयंत्रों को क्रियान्वित करने की छूट दी जा रही है। उससे स्पष्ट लगता है कि बंगाल की स्थिति अत्यधिक चिंताजनक है। मुर्शिदाबाद से प्रारम्भ हुई यह भीषण हिंसा अब संपूर्ण बंगाल में फैलती हुई दिखाई दे रही है। प्रदर्शन में अनुपमा सिंह, संतोष अग्रहरि, अंगद वर्मा, प्रमोद कुमार हिंदू, शंभू कश्यप आदि शामिल रहे।