सिद्धार्थनगर। शहर में 20 से 26 मार्च तक रामकथा महोत्सव का आयोजन होगा। नगर पालिका कार्यालय के पीछे स्थित सभागार में प्रतिदिन शाम छह बजे से रात 10 बजे तक राम कथा की अमृतवर्षा होगी। 27 मार्च को भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा। रामकथा महोत्सव के संरक्षक मंडल में शामिल डॉ. अरूण कुमार प्रजापति ने बताया कि यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और रामराज्य की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक व्यापक प्रयास है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष शिवदत्त अग्रहरि ने बताया कि महोत्सव को लेकर नगर में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सभागार को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। कथा के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देने का लक्ष्य रखा गया है। कथा में प्रवचन अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय कथावाचक संत गौरव कृष्ण शास्त्री करेंगे। समिति के कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव ने मातृशक्ति, युवाओं और समस्त श्रद्धालुजनों से परिवार सहित उपस्थित होकर कथा सुनने की बात कही है। आयोजन समिति के सदस्य संदीप जायसवाल, राघवेंद्र यादव ने बताया कि महोत्सव के लिए नगर में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि हर घर तक रामकथा का संदेश पहुंचे और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।