अनारक्षित व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1500 व अनुसूचित जाति के लिए 1000 रुपये फार्म शुल्क
24 विषयों के 691 शीट पर होगा प्रवेश, 30 जून को घोषित की जाएगी परीक्षा परिणाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु ने प्री पीएचडी में प्रवेश लेने के वेबसाइट पर प्रवेश फार्म की तिथि घोषित कर दी है, विश्वविद्यालय ने प्री पीएचडी में प्रवेश लेने वाले छात्रों को 27 मई से 16 जून तक प्रवेश फार्म भरने की तिथि निर्धारित की है। जबकि 18 जून को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के साथ ही 22 जून को परीक्षा की तिथि भी निर्धारित कर दी है।
विश्वविद्यालय कैंपस में स्थित 26 विषयों के 691 सीटों पर प्रवेश परीक्षा होनी है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने सोमवार को अपने वेबसाइट को खोल दिया है, जिससे प्री पीएचडी में प्रवेश लेने वाले छात्र 16 जून तक आवेदन कर सके। प्रवेश परीक्षा फार्म के लिए विश्व विद्यालय ने कैटेगरी के अनुसार शुल्क निर्धारित की है, इसमें विवि ने जनरल व पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए 1500 रुपये प्रवेश फार्म शुल्क व अनुसूचित व जनजाति के लिए 1000 प्रवेश फार्म शुल्क निर्धारित किया है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 30 जून को घोषित की जाएगी। जबकि विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश फार्म में सुधार के लिए भी 16 जून को ही अंतिम तिथि निर्धारित की है। जबकि सभी विषयों का परीक्षा एक ही दिन निर्धारित होने से छात्रों को कोर्स बदलने का भी मौका नहीं मिलेगा।
शोध पात्रता प्रवेश परीक्षा 200 अंकों में होगी, इसमें लिखित परीक्षा 140 अंक व मौखिक परीक्षा 60 अंकों की होगी। लिखित परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक लाने जनरल छात्रों को मौखिक परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग व आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को अधिकतम 40 प्रतिशत अंक लाने पर मौखिक परीक्षा के लिए अनुमति मिल जाएगी।
नेट, जेआरएफ, सीएसआईआर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र कैटेगरी के साथ करें आवेदन
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने प्री पीएचडी के प्रवेश फार्म में प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्राें को पूर्व में निर्धारित कैटेगरी के अनुसार प्रवेश फार्म में कैटेगरी दर्शाने का निर्देश है। इसमें नेट, जेआरएफ, सीएसआईआर की प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों को प्रमुखता से इस आवेदन को ध्यान देने के लिए निर्देशित किया गया है। इस क्रम में अनारक्षित को एक, अन्य पिछड़ा वर्ग को दो, अनुसूचित जाति को तीन, अनुसूचित जनजाति को चार व आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पांच नंबर की कोड संख्या दर्शाने के लिए कहा गया है। संवाद
-
इन विषयों के इतने सीटों पर होगा प्रवेश
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्री पीएचडी में प्रवेश के लिए अंग्रेजी विषय में 33, हिंदी में 55, संस्कृत में 50, उर्दू में 12, प्राचीन इतिहास में 24, इतिहास में 17, अर्थशास्त्र में 16, समाजशास्त्र में 46, राजनीति विज्ञान में 55, लोक प्रशासन में आठ, वाणिज्य में 28, शिक्षा शास्त्र में 17, भूगोल में 52, रसायन विज्ञान में 56, भौतिक विज्ञान में 34, गणित में 48, प्राणी विज्ञान में 38, वनस्पति विज्ञान में 26, रक्षा अध्ययन में दो, बायोटेक्नोलॉजी में सात, गृहविज्ञान में आठ, मनोविज्ञान में आठ, शिक्षक शिक्षा में 27 व प्रबंधन अध्ययन में 24 सीटों पर प्रवेश होना है, इसके लिए प्रवेश फार्म विश्वविद्यालय ने जारी कर दी है। संवाद
-