तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के घरुआर गांव के एक व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति के ऊपर मार-पीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ग्राम प्रधान का पति भी है।
बढ़नी ब्लाॅक के घरुआर के प्रधान पति राधेश्याम शर्मा ने ढेबरुआ थाने पर तहरीर देकर बताया कि ग्राम पंचायत के दूसरे टोले डढ़उल के रहने वाले शेषराम यादव ने नौ मई को ग्राम पंचायत भवन डढ़उल में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में उनसे पंचायत भवन की चाबी मांगी थी।
मना करने पर आरोपी ने उन्हें धमकी दी और बाद में रास्ते में रोककर गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई थी। इस संबंध में ढ़ेबरुआ एसएचओ गौरव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद