संवाद न्यूज एजेंसी गोल्हौरा। थाना गोल्हौरा क्षेत्र के खखरा खखरी के ग्राम प्रधान अशोक कुमार ने शुक्रवार को एक हिस्ट्रीशीटर साइकिल चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय रवाना कर दिया।
जानकारी के अनुसार बरगदवा साप्ताहिक बाजार में प्रियांशु (14) अपनी साइकिल लेकर सामान खरीदने गया था। इस दौरान मोहम्मद नगर टेउवा ग्रांट थाना मिश्रौलिया निवासी सुखारी उर्फ सुबराती उसकी साइकिल चोरी कर ले जाने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर खखरा के पास उसे पकड़ लिया। हाथापाई के दौरान आरोपी को चोटें भी आईं। प्रधान अशोक कुमार, असगर अली व आज्ञाराम समेत ग्रामीणों ने आरोपी को साइकिल सहित थाना गोल्हौरा में सौंप दिया। जांच में पता चला कि वह हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ करने के बाद उसे न्यायालय रवाना कर दिया गया। एसओ राजेश कुमार गुप्ता ने इस बारे में जानकारी दी। संवाद