धर्मसिंहवा। तीन दिन से हो रही बारिश और तेज हवा के चलते नगर पंचायत धर्मसिंहवा समेत क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। शुक्रवार दिन में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि बिजली निगम के कर्मचारियों ने काफी मेहनत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी थी लेकिन शुक्रवार रात से एक बार फिर बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
इसके चलते क्षेत्र के लोग पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। बताया जा रहा है कि कई स्थानों पर हाईटेंशन तारों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए हैं। लगातार बारिश के कारण बिजली निगम के कर्मचारियों को फाल्ट दुरुस्त करने में भी परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं और मोबाइल चार्ज करने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।
बिजली न होने के कारण धर्मसिंहवा बाजार की रौनक भी फीकी पड़ गई है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में खेसरहा फीडर के जेई गंगेश्वर राय ने बताया कि बारिश रुकने के बाद फाल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।