शोहरतगढ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी मार्ग गड्ढो में तब्दील। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी होते हुए देवकलीगंज तक जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। हल्की सी बारिश में मार्ग पर कीचड़ हो जाता है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के पकड़ी से मस्जिदिया पिपरी होते हुए देवकलीगंज तक आने-जाने वाले इस मार्ग पर पकड़ी चौराहे पर हमेशा कीचड़ हो जाता है। इस मार्ग पर सड़क के बीच जगह-जगह गड्ढा होने से यहां सड़क पर पानी इकट्ठा हो जाता है, और राहगीरों को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता। इस मार्ग के द्वारा पिपरी, मस्जिदिया, भठवां, हतवा, भावपुर, सहिजनवा, हड़हवा, बहरजवा सहित दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन हमेशा लगा रहता है।
इस मार्ग को सही कराने के लिए क्षेत्र के लोग पीडब्ल्यूडी विभाग से लेकर जनप्रतिनिधि से भी कह चुके हैं। पर अभी तक इसको सही कराने के प्रति किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। क्षेत्र के सुनील कुमार जायसवाल, बनारसी साहनी, संजय कुमार जायसवाल, प्रदीप कुमार पांडेय, बीरू जायसवाल, राम कैलाश, दयादास आदि लोगों ने इस सड़क को सही कराने की मांग की है, जिससे आने जाने में सुविधा मिल सके।