इटवा क्षेत्र के चौखड़ा गालापुर मार्ग जर्जर पड़ा। संवाद
इटवा। गालापुर कालीजी के स्थान पर आने-जाने वाले चौखड़ा-गालापुर मार्ग में बने बड़े-बड़े गड्ढे श्रद्धालुओं के लिए बहुत ही कष्टदायी साबित हो रहे हैं। हालत यह है कि एक बार इस मार्ग से यात्रा करने वाले दोबारा जाने से तौबा कर लेते हैं।
विधानसभा क्षेत्र इटवा और डुमरियागंज की सीमा पर चौखड़ा-गालापुर-धोबहा मार्ग पर स्थित गालापुर कालीजी का स्थान श्रद्धा का बड़ा केंद्र है, यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। जुलाई में यह संख्या हजारों में पहुंच जाती है।
एक से 30 जुलाई तक चलने वाले इस मेले में सप्ताह में बृहस्पतिवार को छोड़कर शेष दिनों में भीड़ रहती है। सैकड़ों की संख्या में दुकानें लगती हैं। इनमें पूजा सामग्री व बच्चों के खिलौने बेचने वाली दुकानें साल भर स्थाई रूप से रहती है।
जुलाई माह में लगने वाले इस मेले के लिए दो दर्जन से अधिक संख्या में पुलिस बल लगाया गया है लेकिन आने-जाने वाले मार्गों की सुधि प्रशासन ने नहीं ली है। इसके चलते सड़कों पर बने गड्ढों से वाहन से ही नहीं बल्कि पैदल चलना भी काफी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय क्षेत्र के निवास शिक्षक शिवराम सिंह, शिव बालक यादव, पुरुषोत्तम पांडेय, ब्यास पांडेय, शमसुल्लाह आदि ने मरम्मत कराने की मांग की है।