शहर में 14 घरों पर चला बुल्डोजर, अब 14 मीटर चौड़ी होगी भीमापार की सड़क
चार वर्ष से जलभराव से जूझ रहे थे लोग, डीएम के निरीक्षण बाद हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के भीमापार में अब 30 हजार आबादी को अच्छी सड़क के साथ जलनिकासी की समस्या से भी मुक्ति मिल जाएगी। डीएम डॉ. राजागणपति आर मंगलवार सुबह भीमापार में निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। उसके बाद रिमझिम बारिश में भी एसडीएम, राजस्व व पुलिस कर्मी पहुंचे और बुलडोजर चलने लगा। उसके बाद नाली निर्माण में बाधा बन रहे सड़क किनारे अतिक्रमण कर बने 14 घर के बाउंड्रीवाॅल को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण से सकरी हो चुकी सड़क किनारे छह मीटर तक कब्जामुक्त होने के बाद भीमापार की यह सड़क अब 14 मीटर चौड़ी हो गई है।
पिछले कई वर्ष से जलभराव की समस्या से जूझे रहे शहर के भीमापार मोहल्ले में जलनिकासी के लिए नाली का अभाव है। मोहल्ले की 14 मीटर चौड़ी सड़क अतिक्रमण के चलते सकरी होकर मात्र आठ मीटर रह गई थी। जिस कारण नगर पालिका की तरफ से सड़क किनारे प्रस्तावित नाली का निर्माण नहीं हो पा रहा था। शिकायत पर मंगलवार को डीएम डाॅ. राजागणपति आर ने मौके पर पहुंचकर तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से निर्मित भवनों के मालिकों को दो दिन के अंदर अपनी वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए जो लाल निशान लगाए गए हैं वहां से स्वयं तोड़ लें, नहीं तो जिला प्रशासन दो दिन बाद तोड़ने की कार्रवाई करेगा। जिसके बाद एडीएम उमाशंकर, एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमण कर सड़क किनारे छह मीटर भूमि पर बने 14 मकानों के बाउंड्रीवाल ध्वस्त कराए गए। साथ ही एक मकान के हिस्से को हटाने के लिए मकान मालिक को दो दिन का समय दिया गया। इस दौरान लेखपाल कमलेश पांडेय, विनय पांडेय, सुधीर श्रीवास्तव एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।
-
जलभराव से जूझता है भीमापार मोहल्ला
जलनिकासी के लिए नाली निर्माण नहीं होने से भीमापार मोहल्ले के लोग जलभराव से जूझते हैं। हालत यह है कि अगर बारिश हो जाए तो लोगों के घर का गंदा पानी मोहल्ले की कई सड़क पर बहता है और लोगों को इसके बीच से गुजरना मजबूरी बन गई है। इसी मोहल्ले में चर्च के सामने बनी सड़क पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। हालत यह था कि नगर पालिका की तरफ से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य पिछले चार वर्ष से अतिक्रमण के चलते लंबित था।
ताल और बांध की भूमि पर बनी है सड़क
भीमापार मोहल्ले के निचले हिस्से में स्थित ताल और बांध की सरकारी भूमि पर सड़क का निर्माण किया गया है। इसी सड़क किनारे अतिक्रमण कर मकानों के बाउंड्रीवाल और कुछ मकानों के हिस्से निर्माण कर लिए गए थे। यहां तक कि एक मकान का अधिकांश हिस्सा सरकारी भूमि में स्थित जिसे हटाने का निर्देश दिया गया है। इस मोहल्ले की जलनिकासी जमुआर नाले की तरफ होती है, लेकिन नालियों का निर्माण नहीं होने से यहां के लोग जलभराव की समस्या से जूझते रहे हैं।
-
अतिक्रमण के चलते नहीं बन रहा खजुरिया मार्ग
शहर का सबसे व्यस्त खजुरिया मार्ग अतिक्रमण के चलते दो वर्ष से निर्मित नहीं हो पा रहा है, यहां तक सड़क किनारे नाली का निर्माण भी अतिक्रमण के चलते ठप पड़ा है। वर्तमान में सड़क की पैमाइश कर अतिक्रमण चिन्हित किया गया था। जिसका निरीक्षण करने के बाद डीएम ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद एडीएम व एसडीएम ने इस सड़क की दोबारा पैमाइश कर अतिक्रमण को चिह्नित किया है। लोगों को सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने का बेसब्री से इंतजार है।