प्रशिक्षण प्राप्त करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव की हर गतिविधि की मोबाइल फोन के जरिए मॉनीटरिंग की जा रही है। इसमें दक्ष बनाने के लिए बुधवार को सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। पल-पल की जानकारी अपने व्हॉट्सएप ग्रुप व मैसेज के माध्यम से अपडेट करते रहने की हिदायत दी गई। इस दौरान स्मार्ट फोन न रखने वाले कई सेक्टर अफसरों पर सख्ती दिखाते हुए उन्हें प्रशिक्षण से बाहर का रास्ता दिखाया गया। निर्देश दिया गया कि हर सेक्टर अधिकारी खुद को इस प्रक्रिया में अच्छी तरह दक्ष कर लें, ताकि कोई त्रुटि न हो सके।
लोहिया कला भवन में आयोजित प्रशिक्षण में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व पीठासीन अधिकारी अपने मोबाइल नंबर का रजिस्ट्रेशन करा लें। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने पोलिंग बूथ क्षेत्रों का भ्रमण कर रूट चार्ट की जानकारी भी प्राप्त कर लें। बार्डर एरिया के सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्वाचन कार्यालय की ओर से वायरलेस सेट भी दिया जाएगा। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित कर लें कि जिस क्षेत्र में उनकी ड्यूटी लगी है। जिस क्षेत्र में जो मोबाइल नेटवर्क है, उसी सिम का इस्तेमाल करें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन के व्हॉट्सएप ग्रुप से जुड़ने की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। जिस क्षेत्र में बूथ तक जाने के लिए बस या ट्रक नहीं जा सकेंगे, वहां छोटे वाहनों की व्यवस्था करके पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर किसी पीठासीन की ईवीएम खराब हो गई है तो उसे बदलने की सूचना ईवीएम प्रभारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट के व्हॉट्सएप ग्रुप पर दें। पोलिंग पार्टी को ले जाने वाले बस/ट्रक/वाहन के ड्राइवर का मोबाइल नंबर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास उपलब्ध होना आवश्यक है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टियों को बूथ पर पहुंचाने के बाद अपने सभी बूथों का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखकर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। बैठक में एसपी राकेश शंकर, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, एसडीएम सदर विनीत उपाध्याय, अरुण कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र कुमार, जुबेर बेग, अरुण कुमार राय, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी नसीम अहमद, पीडी डीपी सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीआईओएस सोमारू प्रधान, बीएसए अरविंद कुमार पाठक, डीडी कृषि डॉ. राजीव कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुुतोष पांडेय, जिला कृषि अधिकारी एसएन चौधरी आदि मौजूद रहे।