विद्यालय की भूमि पर कब्जाधरियों ने रखी मूर्ति।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। विद्यालय की भूमि पर फिर से अवैध कब्जा की कोशिश को पुलिस ने विफल किया। पुलिस ने मौके पर बनाए गए चबूतरे पर रखी गई दो छोटी मूर्तियों को हटाया। हिदायत के बावजूद कब्जा की कोशिश कर रहे लोगों की तलाश कर रही है। घटना रविवार व थाना शोहरतगढ़ के ग्राम खैरा बाजार की है।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में जूनियर हाई स्कूल है। गांव से करीब आधा किमी दूर विद्यालय के नाम लगभग 10 बीघा खेत दर्ज है। भू-माफियाओं की काफी दिनों से इस जमीन पर निगाह लगी हुई थी। तीन अप्रैल की रात में विद्यालय की भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। विद्यालय प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव ने सूचना प्रशासन व पुलिस को दिया। चार अप्रैल को पुलिस व तहसील प्रशासन के लोगों ने मौके पर पहुंच कब्जाधारियों को खदेड़ दिया। राजस्व टीम ने जमीन का मुआयना किया। स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी तहसील दिवस में आए एडीएम बाबूराम व एएसपी अशोक कुमार के संज्ञान में दिया। अधिकारीद्वय ने तहसील व पुलिस को निर्देशित किया था कि किसी भी हालात में जमीन पर कब्जा नहीं होना चाहिए। दो दिनों तक शांत रहने के बाद कब्जाधारियों ने रात को किसी समय दो छोटी मूर्तियों को स्थापित करना चाहा।
लेकिन पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली, मूर्ति को हटा थाने पर लेती आई। इस संबंध में एसओ शोहरतगढ़ अजय सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से मूर्तियों को हटाने का काम किया गया। उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम का संज्ञान दे दिया गया है। बीट सिपाहियों को मौके पर नजर रखने के लिए कहा गया है। एसडीएम शोहरतगढ़ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि प्रकरण पर निगाह रखी जा रही है। कब्जा करने की कोशिश कर रहे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।