फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: पुलिस भर्ती परीक्षा आज, 1968 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Fri, 13 Mar 2026 11:35 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ की ओर से आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 व 15 मार्च को जनपद के छह केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। जिले में कुल 1968 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
विज्ञापन

जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में तिलक इंटर कॉलेज बांसी में 384 परीक्षार्थी, बुद्ध विद्यापीठ इंटर कॉलेज बर्डपुर में 264, बुद्ध विद्यापीठ डिग्री कॉलेज नौगढ़ में 360, बाबा हरिदास इंटर कॉलेज उस्का बाजार में 384, श्री सिहेंश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार में 336 और दुर्गाजी चौधरी पटेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज पटनी जंगल में 240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग की व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ सतर्क निगरानी रखी जाएगी।
विज्ञापन

अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने और अपने साथ प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आने की अपेक्षा की है। साथ ही परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देशन में परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें