सिद्धार्थनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। थाना ढेबरूआ की मिशन शक्ति टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भरौली में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, महिला अपराध और उससे बचाव के तरीके बताए। छात्राओं को मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
वहीं, थाना गोल्हौरा की टीम ने बरगदवा में बालिकाओं को महिला सुरक्षा, एंटी रोमियो अभियान और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना समेत महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। थाना शोहरतगढ़ की टीम ने ग्राम कापसिहवा स्थित दारुल उलूम विद्यालय की छात्राओं को साइबर सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया। वहीं, मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय सोनौली नानकार में छात्राओं को महिला अपराध, गुड टच-बैड टच और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके समझाए गए।
थाना शिवनगर डिड़ई की टीम ने ग्राम घूमची की बालिकाओं को नए कानून, साइबर अपराध और एंटी रोमियो अभियान की जानकारी दी। उसका बाजार थाना क्षेत्र के परसा सुकराला गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया। पथरा बाजार थाना क्षेत्र के सेहरी घाट में पुलिस ने बहू-बेटी सम्मेलन और साइबर जागरूकता चौपाल आयोजित की।