संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए जाने के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। इमरजेंसी गेट के सामने चौकी खुलेगी, भवन का काम हो गया है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को निरीक्षण किया है। जल्द ही इसके उद्घाटन की उम्मीद है। इसके बाद चौकी का संचालन शुरू हो जाएगा।
यह सदर थाना के अधीन संचालित होगी और मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के रूप में जानी जाएगी। अन्य पुलिस चौकियों की तरह से इसमें भी पदों का सृजन और तैनाती होगी। यह चौकी न सिर्फ आपात स्थिति को तत्काल नियंत्रण में करने काम करेगी बल्कि मेडिकल कॉलेज कैंपस की सुरक्षा के साथ ही हादसा या फिर विवाद और अन्य संदिग्ध मौत की घटना में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने का काम करेगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने पत्राचार किया था, जिसके बाद कागजी प्रक्रिया शुरू हुई है।
जिला अस्पताल से माधव प्रसाद त्रिपाठी में तब्दील होने के बाद यहां मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। जहां ओपीडी में प्रतिदिन 1500-1800 मरीज इलाज के लिए आते हैं।