सिद्धार्थनगर/तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ढेबरुआ-शोहरतगढ़ मार्ग पर खैरहनिया-पचऊध के बीच मंगलवार रात सर्राफ से लूट के मामले में 24 घंटे बाद तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज हो पाई। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी हरिराम उर्फ गुड्डू सोनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मौका-ए-वारदात पर दो लोगों की ओर से लूट की सूचना देने वाले सर्राफ की तहरीर में तीन बदमाशों का जिक्र होने से पुलिस उलझ गई है। वारदात को हुए 36 घंटे का वक्त गुजर चुका है पर पुलिस के हाथ कोई ठोस साक्ष्य नहीं लगे हैं, जिसके सहारे बदमाशों की तस्दीक की जा सके। सीमावर्ती इलाके में वारदात हुई है, ऐसे में बदमाशों के नेपाल भाग जाने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। इटवा के स्वर्ण व्यवसायी हरिराम उर्फ गुड्डू सोनी ने ढेबरुआ थाने पर बुधवार को तहरीर देकर बताया कि वह बाइक से इटवा से शोहरतगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वह ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खैरहनिया गांव के पूरब हाईवे पर नहर की पुलिया पर पहुंचे, पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर उसे रोका और उसे खींचकर सड़क के किनारे अंधेरे में ले गए। उसके पास से 140 ग्राम सोना, गले की चांदी की चेन, अंगूठी और दो हजार रुपये नकदी लूटने के साथ जाते-जाते बाइक की चाभी भी ले गए। पीड़ित किसी तरह पचऊध चौराहे पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को वारदात की जानकारी दी। ढेबरुआ एसएचओ दुर्गा प्रसाद मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे व पीड़ित व्यवसायी से मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक व्यवसायी से रात में ही तहरीर देने के लिए कहा गया, लेकिन वह बिना तहरीर दिए चला गया।