नगर में चोरी करने वालों के करीब पहुंची पुलिस
सिद्धार्थनगर। नगर के शिवपुरी कॉलोनी में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पुलिस कड़ी से कड़ी को जोड़कर वारदात को अंजाम देने वालों तक पुलिसकर्मी पहुंच चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश होगा।
उसका थाना क्षेत्र के मधुरी गांव निवासी दीनबंधु पांडेय सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। वह सदर थाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी में मकान बनाकर पिछले तीन वर्ष से रह रहे हैं। शुक्रवार को वह अपने गांव चले गए थे। दोपहर में लौटे तो घर में चोरी हो चुकी थी। आलमारी का ताला टूटा था और सामान बिखरे हुए थे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। दिन में हुई इस वारदात से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े होने लगे। उसके बाद सदर थाने की पुलिस के अलावा एसओजी और दो अन्य दल को लगाया गया।
घटनाक्रम की पड़ताल करते हुए पुलिस ने तहकीकात तेज की। सूत्रों के अनुसार, पुलिस वारदात को अंजाम देने वालों तक पहुंच गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश हो सकता है। इस संबंध में कोतवाल सदर तहसीलदार सिंह ने बताया कि मामले का पर्दाफाश करने के लिए कई पुलिस के दल लगे हैं। जल्द ही पुलिस मामले का पर्दाफाश करेगी।