पाक अधिकृत कश्मीर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला के विवादित बयान को सांसद आदित्यनाथ ने राष्ट्रद्रोह और अखंडता पर चोट करार दिया है। इसे संसद की अवमानना ठहराते हुए सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ी तो कार्रवाई की भी मांग की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा स्थिति के लिए सपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया।
देवीपाटन जाते समय पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में संवाददाताआें से बातचीत में सांसद आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री फारूकअब्दुल्ला का बयान पूरी तरह राष्ट्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाला है। कश्मीर भारत का हिस्सा है। भारतीय संसद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कश्मीर के हर हिस्से को भारत का अभिन्न अंग माना है। लिहाजा यह बयान संसद की अवमानना को भी साबित करता है। जरूरत पड़ी तो संसद में अवमानना का नोटिस देकर कार्रवाई की भी मांग की जाएगी। सांसद आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। सरकार विद्वेष और पूर्वाग्रह की भावना से कार्य कर रही है। भाजपा और हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि समाज विरोधी तत्वों को संरक्षण है। प्रदेश सरकार के इस रवैए के विरोध में आंदोलन किया जाएगा। इससे पहले सांसद आदित्यनाथ ने जिला जेल में बंद शोहरतगढ़ के चेयरमैन के पति सुभाष गुप्ता व अन्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। इस मौके पर हियुवा के प्रदेश प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला प्रभारी श्यामधनी, अजय आदि मौजूद रहे।