संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 30 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना से रविवार दोपहर बाद तैयारियों पर विराम लग गया। जहां करीब एक किमी के दायरे में 300 से अधिक कर्मचारी भारी भरकम मशीनों के साथ काम में जुटे थे, वहां रविवार शाम माहौल शांत दिखा। कुछ कर्मचारी पंडाल उखाड़ते नजर आए।
सीएम द्वारा मेडिकल कॉलेज के मानक पूरे करने के निर्देश के साथ ही प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम निरस्त हो गया। अधिकारियों में एक दिन पहले की कार्यक्रम स्थगित होने की सुगब़ुगाहट थी। इस कारण काम की रफ्तार कुछ कम हो गई थी।
पीएम की सभा के लिए बीएसए ग्राउंड पर तीन वॉटर प्रूफ पंडाल बनाए जा रहे थे। रविवार की शाम दो पंडाल उखाड़ने का काम शुरू हो गया था। तीसरे पंडाल में सभा के लिए बनाया गया मंच उखाड़ दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी के अनुसार अगले आदेश के बाद ही पंडाल लगाया जाएगा। सिविल वर्क में हेलीपैड बनाने का काम जारी रहेगा। पीएम को जिस सड़क मार्ग से मेडिकल कॉलेज से कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड जाना था, उसके दोनों ओर पांच फीट ऊंची लोहे की जाली लगाने का काम भी ठप हो गया है। सोमवार से बैरिकेडिंग में लगाई गई बल्लियां भी उखाड़ी जाएंगी।
फिरोजाबाद के पंडाल में आगरा के कारीगर
पीएम की सभा के लिए तीन में से एक पंडाल को फिरोजाबाद से मंगाया गया था। कारण कि बस्ती के टेंट मालिक के पास सामान कम पड़ रहा था। फिरोजाबाद के पंडाल को लगाने के लिए आगरा से कारीगर आए थे। एक दिन पहले तक वे दिन रात एक करके काम में जुटे थे, रविवार को वे उसी पंडाल उखाड़ते नजर आए।
रातों रात बन गई सड़क
पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले शनिवार रात में मेडिकल कॉलेज रोड पूरी तरह नई हो गई। बरसात में जिस सड़क के गड्ढे से लोग परेशान थे, वे अचानक पट गए।