पीएम की सुरक्षा में तैनात होंगे चार हजार से अधिक सुरक्षा कर्मी, तैयारी में जुटा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड पर मशीनों और श्रमिकों के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं। सभा के लिए 1.35 लाख वर्ग फीट में तीन वॉटर प्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं। जिसमें छह-छह फीट की दूरी पर सात हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी।
जिला प्रशासन के अनुसार 450 फुट लंबाई और 300 फुट चौड़ाई के आकार में तीन पंडाल बनाए जा रहे हैं। 1.35 लाख वर्ग फीट में में बने पंडाल में सभा होगी। सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि पंडाल में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सात हजार कुर्सिंयां लगाई जाएंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहकर सभा को संबोधित करेंगे। सुरक्षा में चार हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी लगेंगे। हर प्वाइंट पर सुरक्षा की कमान एसपी के हाथ में होगी। शुक्रवार को हाईडिल तिराहे से साड़ी तिराहे तक 500 से अधिक मजदूर सफाई और मरम्मत कार्य में जुटे रहे। बीएसए ग्राउंड में जहां पंडाल बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर हेलीपैड बनाने का कार्य जारी है। पूरे कार्य पर डीएम, सीडीओ, एएसपी नजर रखे हुए हैं। एएसपी सुरेशचंद रावत ने कहा कि सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है। पीएम की त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का जिले में 30 जुलाई को पहली बार जनसभा होने जा रही है। हालांकि लोकसभा चुनाव में बतौर प्रधानमंत्री के दावेदार के रूप में वर्ष 2014 में चुनावी सभा में आए थे।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी सभा
प्रधानमंत्री की सभा त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच होगी। हर प्वाइंट पर एसपी, एएसपी रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा घेरे में सबसे पहले एसपीजी, अर्द्धसैनिक बल इसके बाद पुलिस और पीएसी के जनाव तैनात रहेंगे। सुरक्षा में 20 जिलों की लगभग चार हजार फोर्स तैनात होगी। इसमें 100 से अधिक एसपी, एएसपी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीओ, इंस्पेक्टर, दरोगा और कांस्टेबल तैनात होंगे।
ड्रोन से होगी निगरानी
कार्यक्रम स्थल पर पीएम की सुरक्षा की निगरानी ड्रोन के जरिए की जाएगी। साथ स्पेशल दस्ता सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेगी। वह पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। संदिग्ध दिखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
बदल गई अशोक मार्ग की सूरत
कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड है। मेडिकल कॉलेज उससे पांच सौ मीटर दूर है, जिसका पीएम उद्घाटन करेंगे। हाईडिल तिराहा से साड़ी तिराहा की दूरी ढाई किलो मीटर है। इस ढाई किलोमीटर की सड़क, आसपास सरकारी दफ्तर की दीवार और सड़क की सूरत बदल दी गई। करीब पांच सौ मजदूर सफाई व्यवस्था में लगे रहे। इसमें रंगरोगन से लेकर सफाई तक का काम कर रहे हैं।
बनाए जा रहे तीन हेलीपैड
बीएसए ग्राउंड में पीएम के कार्यक्रम स्थल पर तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सेना का हेलीकॉप्टर उतरेगा।
चेकिंग के बाद दिया जाएगा प्रवेश
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए चेकिंग से गुजरना होगा। मेडिकल कॉलेज, के अलावा कार्यक्रम स्थल पर कुल 16 गेट बनाए जाएंगे। जहां सुरक्षा का अभेद्य घेरा रहेगा। यहां चेकिंग के बाद ही किसी भी व्यक्ति को प्रवेश मिलेगा।
कल आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 30 जुलाई को है। इससे पहले 25 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में तैयारियों का जायजा लेने आएंगे। संभवत: वह रविवार को दोपहर 12 बजे जिले में पहुंचेंगेे। यहां वह पुलिस लाइंस मेें स्थिति हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से मेडिकल कॉलेज, बीएसए ग्राउंड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पुलिस लांइस स्थिति सभागार में वह कार्यक्रम में संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। पीएम मोदी की सभा की तैयारियों में अधिकारियों ने दिन-रात एक कर दिया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष गोविंद माधव ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर सामाजिक दूरी के नियमों के अंतर्गत प्रधानमंत्री की सभा होगी। सात हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। पंजीकृत लोगों को ही पंडाल में प्रवेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के अनुसार तय होगा कि जिले और पड़ोसी जिले के कितने लोग सभा में शामिल होंगे।