परिषदीय स्कूलों में बेहतर व्यवस्था बनाने को लेकर बुधवार को प्राथमिक विद्यालय परसिया में खंड शिक्षाधिकारी गोपाल मिश्र के नेतृत्व में न्याय पंचायत क्षेत्र गड़ाकुल, टेकनार व पल्टादेवी के अंतर्गत 65 स्कूलों के प्रधानाध्यापक व संकुल प्रभारियों की बैठक हुई। बैठक में बीईओ ने दो दिनों में स्कूलों का रंग-रोगन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
बीईओ ने कहा कि नवीन सत्र प्रारंभ हुए एक माह का समय बीत गया है। इसके बाद भी परिषदीय स्कूल में साज-सज्जा का कार्य अधिकांश विद्यालयों में अपूर्ण है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दो दिन के अंदर रंग-रोगन करा कर पूर्ण कराएं।
पेयजल व्यवस्था, शौचालय, मैदान की साफ-सफाई, बच्चों में बेहतर संवाद व गुणवत्तापरक शिक्षा-दीक्षा, मध्याह्न भोजन का नियमानुसार संचालन कराने का निर्देश दिया। इस सत्र में 20 मई के बाद भी सभी परिषदीय स्कूलों में एमडीएम का संचालन होता रहेगा।
बीईओ ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर विद्यालय में तैनात जिम्मेदार शिक्षक कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस दौरान समन्वयक मनोज यादव, सह समन्वयक मुश्तन शेरुल्लाह, संकुल प्रभारी राजबलि, रामललित, गायत्री देवी, आशा गुप्ता, बलवंत प्रताप चौधरी, जगतराम, सुरेश चौधरी, सावित्री देवी, राजकुमार, प्रमोद कुमार, रामसेवक, अतीउल्लाह, अष्टभुजा, वीरेंद्र मौर्य, चंद्रभूषण यादव, तुलसीराम, अब्दुल हक, मीना कुमारी, सीमा उपाध्याय, हरिराम आदि मौजूद रहे।