संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लाॅक में बिना पंजीकरण के कई डायग्नोस्टिक, एक्स-रे व पैथाेलाॅजी सेंटर सरेआम चल रहे हैं, जहां बिना डिग्री वाले ही लोगों की जांच कर रहे हैं। इन रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर इलाज कर रहे हैं, ऐसे में वे कितना स्वस्थ होंगे यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं। ये सेंटर लोगों को ठीक नहीं और बीमार कर देंगे। इन सेंटरों पर जिम्मेदार भी अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। सेमरियावां क्षेत्र के विभिन्न कस्बा, बाजारों और चौराहे पर अवैध तरीके से संचालित अस्पताल, अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे सेंटर, पैथाेलॉजी हैं। इनके पास न तो प्रशिक्षित चिकित्सक हैं, और न ही स्वास्थ्यकर्मी। फिर भी बुखार से लेकर ऑपरेशन तक का जिम्मा उठाकर मरीजों की जान जोखिम में डालने से नहीं चूकते हैं। ऐसे अस्पताल एवं पैथोलॉजी सेंटर, अल्ट्रासाउंड सेंटर मरीजों से जांच और इलाज के नाम पर मनचाहा पैसा वसूलते हैं। स्वास्थ्य विभाग ऐसे अस्पतालों एवं पैथाेलॉजी सेंटर, अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कार्रवाई करने से परहेज करता है। इन पैथोलॉजी सेंटर्स पर टेक्नीशियन और डॉक्टरों के नाम का बोर्ड भी नहीं लगा है, लेकिन बेहतर जांच करने का दावा करने वाले इन पैथोलॉजी सेंटर्स की जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों का इलाज आगे बढ़ाना खतरनाक साबित हो सकता है।
क्षेत्र के अंसार अली, मकबूल हुसैन, अयाज अहमद आदि ने बताया कि इन अवैध तरीके से चल रहे अस्पताल, पैथाेलॉजी सेंटर, डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक को जैसे ही किसी जांच टीम के आने की भनक लगती है, तुरंत शटर बंद कर देते हैं। इन पर जांच के नाम पर मरीजों से ज्यादा पैसा भी लिया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग छापेमारी करता है और पैथोलॉजी सील भी करता है, लेकिन कुछ ही दिन बाद वह फिर से खुल जाते हैं।