लखीमपुर खीरी के ध्यानार्थ--
बेकाबू होकर पेड़ से टकराई पिकअप, दो घायल
विशुनपुर गांव के पास वाहन की स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी/ गौल्हौरा(सिद्धार्थनगर)। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बांसी-इटवा मार्ग स्थित विशुनपुर गांव के पास रविवार सुबह एक पिकअप स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक व एक अन्य युवक घायल हो गए। दोनों को बांसी पीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के टेउआं ग्रांट टोला डोकम निवासी अखलाख अहमद पीलीभीत में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। सेवानिवृत्त होने पर वह अपना घरेलू सामान पिकअप पर लदवाकर अपने जिले के खजुरिया रोड स्थित आवास पर ला रहे थे। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक रामप्रसाद (36) निवासी थाना भीरा जनपद लखीमपुर खीरी के अलावा फार्मासिस्ट का पुत्र आकिब (22) भी आ रहा था। सुबह पांच बजे बांसी-इटवा मार्ग पर गोल्हौरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर पौधशाला के सामने पहुंची ही थी कि अनियंत्रित होकर एक के पेड़ को टक्कर मारकर उसे रौंदते हुए नर्सरी में घुस गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। चालक की मानें तो गाड़ी की स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ है।