बिस्कोहर कस्बे में रविवार की शाम जंगली सुअर के घुसने से भगदड़ मच गई। जंगली सुअर ने एक गाय और उसके बछड़े को घायल कर दिया। दो घंटे की मशक्कत के बाद कस्बे के लोगों ने उसे मार गिराया।
कस्बे के मेन मार्केट में रविवार को फूलपुर राजा गांव की तरफ से एक पागल जंगली सुअर घुस आया। उसे देखते ही कस्बे के लोग दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे।
देखते ही देखते पूरे कस्बे में अफरातफरी मच गई। बढ़ई डिहवा में राम शंकर पासवान के घर के बाहर बंधी गाय और उसके बछड़े पर हमलाकर जंगली सुअर ने घायल कर दिया। शोर मचने पर सैकड़ों की संख्या में लाठी डंडे और फरसे लेकर जंगली सुअर को ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। जान बचाकर भाग रहा सुअर एक बड़े तालाब में कूद गया। उसके बाद कस्बे के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाल डालकर जंगली सुअर को अपने कब्जे में कर लिया। उसके बाद जमा हुई भीड़ ने उसकी लाठी, डंडा और फरसा से हमला बोलकर मार डाला।
इस संबंध में डीएफओ जीएस सक्सेना ने बताया कि जंगली सुअर मारना वन्य जीव अधिनियम के तहत अपराध है। हालांकि अगर वन्य जीव कोई नुकसान पहुंचाता है तो उसे मारा जा सकता है। सोमवार को मौके पर जाकर पड़ताल करेंगे। इसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।