सीएमओ कार्यालय पर धरना देते डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी। संवाद
सिद्धार्थनगर। लंबित मांगों के निराकरण को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद यादव और मंत्री गोविंद प्रसाद ओझा के नेतृत्व में आयोजित धरने में पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में तैनात फार्मासिस्ट शामिल हुए। एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर आयोजित धरने में कर्मचारियों ने कहा कि शासन और महानिदेशालय की उदासीनता के कारण फार्मासिस्ट संवर्ग की कई वित्तीय और गैर वित्तीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
पदनाम परिवर्तन, वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
फार्मासिस्टों ने मुख्यमंत्री से लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार 20 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इस दौरान संबंधित ज्ञापन सीएमओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया। संवाद