लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज और सिद्धार्थनगर जिले को बांटने वाली घोंघी नदी पुल के पास रविवार को अंतिम संस्कार कराने आए महराजगंज निवासी मकालू (55) नदी में डूब गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। उसकी तलाश शुरू हुई लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव के टोला भुड़कुडहा निवासी मकालू (55) पुत्र उदयराज अपने गांव निवासी दिलीप के पिता की मृत्यु के बाद शव के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि नहाने की नियत से कपड़ा और चप्पल निकाल कर नदी में जा रही था कि पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जबतक लोग बचाने का प्रयास करते तब तक वह डूबकर गहरे पानी में चला गया। गांव के लोगों ने काफी खोजबीन की लेकिन नदी का धारा तेज होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची लोटन पुलिस लोगों से पूछताछ कर पूरी जानकारी लेने बाद स्थानीय लोगों के जरिये तलाश में जुटी रही लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस संबंध में थानाध्यक्ष लोटन हरिओम कुशवाहा का कहना है कि हादसे की जानकारी है। समय से एसडीआरएफ की टीम नहीं आ पाई है और रात भी हो गई है। अब कल सुबह फिर तलाश की जाएगी।