शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर जगह-जगह आयोजित किए गए कार्यक्रम
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि सोमवार को मां दुर्गा की नौवीं शक्ति सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। सोमवार को घरों, मंदिरों व देवी पंडालों में हवन-पूजन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों व घरों में कन्या पूजन किया। शहर के श्री सिंहेश्वरी मंदिर में सुबह से शाम तक हवन व कन्या पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
शहर के श्री सिंहेश्वरी मंदिर, योगमाया मंदिर जोगिया, समय माता मंदिर कठेला, पल्टा देवी मंदिर शोहरतगढ़ में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन, पूजन और हवन करके व्रत पूर्ण किया। नौ दिनों तक श्रद्धालुओं ने देवी मां के नौ स्वरूपों की आराधना की। हर दिन माता के विशेष स्वरूप की पूजा का अलग ही महत्व होता है। इसलिए कई भक्तों ने उपवास रखकर कलश स्थापना की। प्रतिदिन मां के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
किसी ने परवा और द्वितीय का व्रत रखा तो किसी ने अष्टमी का उपवास रखने के बाद नवमी को कन्या भोज कराने के साथ पारण कर लिया। जिन लोगों ने पूरे नवरात्र का व्रत किया था, उन्होंने भी नवमी की पूजा के बाद हवन व कन्या भोज कराने के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह से ही लोगों ने मंदिरों में शुरू किया हवन
बिस्कोहर। नगर स्थित देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नवमी पर मंदिरों में कन्या भोज कराया गया। इसके साथ ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। नगर पंचायत बिस्कोहर के मंगलवार बाजार स्थित श्री रामजानकी दुर्गा धाम मंदिर व सीएल इंटर काॅलेज के पास स्थित मां काली मंदिर, उत्तर यादव डीह स्थित समय माता मंदिर, गदाखौवा गांव के पास स्थित भियुरा मां काली मंदिर, देवीपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर के साथ नगर के दक्षिण डिहवा, बाबू पोखरा, मझौवा, बस स्टाॅप, फूलपुर राजा, डेगहर, सिकौथा, बड़हरा, विशुनपुर, गौरा बड़हरी स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में हवन-पूजन चलता रहा। इसमें श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
इस दौरान नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, पिंकू मोदनवाल, राम प्रताप अवस्थी, अरुण तिवारी, विद्या सागर गुप्ता, सुनील गुप्ता, पंकज गुप्ता, सुरेश कौशल, विनोद भारती, अतुल कौशल आदि मौजूद रहे।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खरिकवा-केरवानिया में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का सोमवार को हवन पूजन व कन्या भोज के बाद गांव में शोभायात्रा निकाल कर शाम तक गांव स्थित पोखरे में विसर्जन कर दिया गया। प्रधान प्रतिनिधि मंतराम यादव ने बताया कि दशहरा मंगलवार को होने के कारण सोमवार को विसर्जन किया गया। राधेश्याम चौधरी, पंकज, गोमती आदि समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।