संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। सीएचसी तिलौली की तरफ से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिठवल में विश्व कैंसर दिवस पर शुक्रवार को कैंसर जांच और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 45 से अधिक लोगों की ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आम जनता तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाना और कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने कैंसर के विभिन्न प्रकारों, उनके कारणों और लक्षणों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान ओरल कैंसर के प्रमुख कारण हैं, जिसके लक्षणों में मुंह में लंबे समय तक छाले या गांठ शामिल हैं। ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों में स्तन में गांठ या उसके आकार में बदलाव शामिल हैं। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए नियमित जांच, स्वच्छता और टीकाकरण को आवश्यक बताया गया। इस दौरान डाॅ. अर्पणा पाठक, डाॅ. रवि शंकर त्रिपाठी, स्टाफ नर्स पूजा, मालती चौधरी, सीएचओ हरिओम पांडेय, बीपीएम कुशल टंडन मौजूद रहे।