सिद्धार्थनगर/लोटन। कोहरा व कड़ाके की ठंड ने पूरे जिले को अपने आगोश में ले लिया है। जिले में गलन बढ़ गई है। लिहाजा बढ़ी ठंड ने जनजीवन को अस्त- व्यस्त करके रख दिया। सोमवार पूरे दिन और शाम पांच बजे से ही पड़ने वाले कोहरे ने एक तरफ वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी है तो दूसरी ओर लोगों को घर में कैद रहने को विवश कर दिया। ठंड से हर कोई परेशान है। जिले में कुछ दिन ठंड से थोड़ी राहत मिलने के बाद शनिवार को मौसम ने एकाएक तेवर बदलने और शीत लहर व घने कोहरे के प्रकोप ने लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास कर दिया। ठंड से राहत पाने के लिए लोग जगह-जगह गत्ता जला कर हाथ सेंकते नजर आए।
वहीं, घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर रेंग कर चलते रहे। सरकार ने स्कूलों में अवकाश भी घोषित नहीं किया है। बच्चे ठंड में भी स्कूल जाने के लिए मजबूर रहे। घने कोहरे के कारण पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। ठंड के कारण बाजारों में रौनक भी कम ही रही। सोमवार को क्षेत्र का न्यूनतम तापमान होने से लोग घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। वहीं, शासन के जिम्मेदार लोग आज तक ग्रामीण क्षेत्रों व ग्राम पंचायतों में अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं कर पाए हैं।
लोटन क्षेत्र के हरिराम सिंह, पवन प्रसाद, दिवाकर पांडेय, समीम, दिनेश यादव, मुरलीधर पांडेय, मुहम्मद, इद्रीश, मूसे सिंह सहित तमाम लोगों ने सरकार के इस रवैये से नाराजगी व्यक्त करते हुए अलाव जलाने की मांग की है। ठंड से तो सबसे बुरी हालात घर में नवजात बच्चों की है। थोड़ी सी लापरवाही होने पर निमोनिया से ग्रसित होकर बच्चे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। उधर, लोटन सीएचसी में बच्चों के डॉक्टर व सुविधा न होने से गरीब परेशान हैं। फिलहाल पड़ रही इस ठंड से फसलों का अब तक कोई नुकसान नहीं है। अलाव जलाने के मामले में एसडीएम सदर डॉ. महेंद्र कुमार कहना है कि जहां पहले जलता था उस सूची के अनुसार अलाव जलाया जा रहा है।