बांसी। अतिरिक्त हल्कों का काम लेखपालों द्वारा बंद किए जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र और वरासत समेत राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बांसी तहसील क्षेत्र में करीब 42 रिक्त हल्कों का अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे लेखपालों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर इन हल्कों का काम छोड़ दिया है।
बांसी इकाई के अध्यक्ष विनोद गौतम ने बताया कि अंतरमंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने, भत्तों में वृद्धि और भूलेख समेत अन्य सहायक पटल पर संबद्ध लेखपालों को अवमुक्त करने सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चल रहा है।
सकरपार गांव निवासी ऋषिकेश मिश्रा ने बताया कि लेखपाल द्वारा अतिरिक्त गांव का काम छोड़ दिए जाने से आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने समेत अन्य राजस्व कार्यों के लिए परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित कार्यों के निस्तारण की व्यवस्था कराने की मांग की है।